
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में उठीं जनसमस्याएं, राशन कार्ड, पेंशन और फर्जी चिकित्सा केंद्रों पर कार्रवाई की मांग
पूर्णियाँ : पूर्णिया शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की सदस्य सह भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सरिता राय ने आपदा प्रबंधन मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री को मांग पत्र सौंपकर समाधान की मांग की है। यह मांग पत्र 15 जून 2026 को आयोजित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक के दौरान प्रस्तुत किया गया। मांग पत्र में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में टेलीफोन केबल, गैस पाइप लाइन और जलापूर्ति योजनाओं के कार्यों के कारण कई स्थानों पर सड़कों की खुदाई के बाद उचित मरम्मत नहीं की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे कार्यों की निगरानी कर जल्द सड़क मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके अलावा शहर में राहगीरों, रिक्शा एवं ऑटो चालकों तथा पशु-पक्षियों के लिए प्रमुख स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था के तहत वाटर पोस्ट लगाने की आवश्यकता बताई गई। बिजली विभाग की प्रीपेड मीटर योजना को लेकर फैल रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की बात भी रखी गई।
सरिता राय ने शहर में चल रहे फर्जी एक्स-रे, पैथोलॉजी, अवैध नर्सिंग होम और झोलाछाप डॉक्टरों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के कारण मरीजों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग को विशेष अभियान चलाकर ऐसे संस्थानों पर अंकुश लगाना चाहिए। राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि कई लाभुकों का नाम, यहां तक कि कई परिवारों के मुखिया का नाम भी राशन कार्ड से हटा दिया गया है, जिसके कारण गरीब परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे हैं। ऐसे सभी पात्र लाभुकों के नाम पुनः राशन कार्ड में जोड़ने की मांग की गई।
पेंशन योजनाओं के लाभुकों, विशेषकर वृद्ध एवं दिव्यांग लोगों को जीवन प्रमाणीकरण और दस्तावेजों के सुधार के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम में पेंशन प्रकोष्ठ ऊपरी मंजिल पर होने के कारण बुजुर्गों और निशक्त व्यक्तियों को वहां तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसलिए प्रत्येक वार्ड एवं नगर निगम स्तर पर साल में कम से कम एक बार जीवन प्रमाणीकरण शिविर और सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग की गई।
मांग पत्र में अंत में कहा गया कि पूर्णिया जिले के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए तथा आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हो, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। सरिता राय ने संबंधित विषयों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।