PURNIA NEWS : गुलाबबाग टीओपी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर 2136 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस दौरान दो मोबाइल फोन के साथ दो अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह बरामदगी पूर्णिया के नशा कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस आशय की जानकारी आज एसपी स्वीटी शेरावत ने सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि जब्त की गई स्मैक की स्थानीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आँकी जा रही है।एसपी ने बताया कि यह स्मैक इतनी मात्रा में थी कि इससे 10 हजार से अधिक डोज तैयार हो सकती थीं। इसका सीधा मतलब है कि सैकड़ों युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने की साजिश रची जा रही थी। स्मैक एक बेहद खतरनाक और जानलेवा नशीला पदार्थ है, जो व्यक्ति के शरीर, मस्तिष्क और समाज को धीरे-धीरे खा जाता है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुट गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पूर्णिया पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। Post navigationPURNIA NEWS : दुर्गापुर में गैस सिलेंडर से लगी आग, चार परिवारों का घर जलकर राख — देर से पहुंची दमकल पर ग्रामीणों का हमला PURNIA NEWS : पूर्णिया में युवा जदयू की रणनीतिक बैठक सम्पन्न, मिशन 2025 के लिए कमर कसने का आह्वान