PURNIA NEWS : बस से कुचल कर मधेपुरा जिले की महिला की दरगाहा गांव में मौत , आक्रोशितों ने ढाई घन्टे किया सड़क जाम

PURNIA NEWS,आनंद यादुका : पूर्णिया-टीकापट्टी एसएच 65 पर बुधवार की संध्या लगभग चार बजे अनियंत्रित बस से कुचल जाने से मधेपुरा जिले की एक महिला की सुपौली पंचयत के दरगाहा गांव में मौत हो गयी । मृतक महिला मधेपुरा जिला अंतर्गत बिहारीगंज थाना क्षेत्र के रहुआ गांव निवासी असफाक अंसारी की पत्नी सकीला खातून (42 बर्ष) थी । मृतक महिला के पति असफाक अंसारी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से कुर्सेला से वापस अपने घर रहुआ लौट रहा था । कुर्सेला से अपने घर जाने के दौरान दरगाहा गांव के नजदीक सड़क पर पसारे मक्का पर उसकी बाइक चढ़ गई और उसका बाइक अनियंत्रित हो गया और बाइक पर पीछे बैठी उसकी पत्नी सकीला खातून बाइक से नीचे गिर गयी । जैसे ही सकीला बाइक से नीचे गिरी उसी वक्त पूर्णिया से रुपौली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ऋतिक ट्रेवल्स बस ने उसे कुचल दिया और बस चालक बस लेकर भाग निकला । घटना की सूचना पर रुपौली थाना की पुलिस ने बस को पकड़ कर थाना में जप्त कर लिया । हालांकि इस दौरान बस चालक और अन्य कर्मी बस छोड़कर फरार हो गये । सड़क दुर्घटना मे महिला की मौत से दरगाहा गांव के लोग आक्रोशित हो गये और घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया ।

जाम कर रहे लोग मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और बस के तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे । वहीं सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोग सड़क पर मक्का सुखाने वालो के ऊपर भी करवाई की मांग कर रहे थे । लगभग ढाई घंटे तक आक्रोशितों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा मचाया । घटना की जानकारी पाकर रुपौली एवं भवानीपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच आक्रोशितों को समझाने का काम किया । लगभग ढाई घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद भवानीपुर थाना के अवर निरीक्षक विकास कुमार, अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी, रुपौली अंचल पुलिस निरीक्षक हरिशंकर मिश्रा, अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, अखिलेश पासवान, मधेपुरा जिले के जोतैली पंचायत के मुखिया सिकंदर अंसारी के द्वारा काफी समझाने के बाद आक्रोशितों ने सड़क जाम हटाया । इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि मृतक महिला के शव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णियां भेजा जा रहा है । उन्होंने बताया कि दुर्घटना कारित बस संख्यां बीआर 11 एन 9418 ऋतिक ट्रेवल्स को पकड़ लिया गया है । थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों के द्वारा अभीतक कोई आवेदन नहीं दिया गया है । आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई किया जायेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *