SAHARSA NEWS : कोशी क्षेत्रीय विकलांग समिति का 36वाँ स्थापना दिवस और शिक्षक दिवस समारोह संपन्न

SAHARSA NEWS,अजय कुमार : सहरसा के डीबी रोड स्थित प्रधान कार्यालय प्रांगण में शुक्रवार को कोशी क्षेत्रीय विकलांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति का 36वाँ वर्षगांठ एवं शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम की महापौर श्रीमती बैन प्रिया, समिति के अध्यक्ष मोहन कुमार, महासचिव मुकेश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष दिलीप साह और प्रो. सुनील झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया तथा सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों ने अतिथियों का अभिनंदन किया और विजेता प्रतिभागियों को मेडल, शील्ड व प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संस्थान द्वारा संचालित “कोशी दिशा केन्द्र” व “कोशी क्षेत्रीय विकलांग आवासीय मध्य विद्यालय” की उपलब्धियों की जानकारी दी गई, जिसके तहत सैकड़ों दिव्यांग व वृद्धजन शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण, चिकित्सा व विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। संस्थान ने बताया कि अब तक हजारों दिव्यांगों को कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं वयोश्री योजना के तहत 2500 से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं। इस मौके पर महापौर ने समिति के कार्यों की सराहना की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह में संस्था के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में दिव्यांग एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *