शहीदगंज पंचायत को मिली बड़ी सौगात, पंचायत सरकार भवन का निर्माण शुरू

पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड के शहीदगंज पंचायत में ग्रामीणों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दैता पोखर परिसर में एक करोड़ 30 लाख 4 हजार 700 रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को किया गया।
मंगलवार को विधिवत आधारशिला रखी गई, जिसके साथ ही मिट्टी भराई का कार्य भी प्रारंभ हो गया। पंचायत सरकार भवन के निर्माण से पंचायतवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अब ग्रामीणों को छोटे-बड़े कार्यों के लिए प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, क्योंकि अधिकतर सरकारी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।

इस मौके पर बीडीओ मनोज कुमार, बीपीआरओ रूपेश कुमार, मुखिया रजीना खातून, पैक्स अध्यक्ष तबरेज आलम और पंचायत सचिव अमित कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सोनदीप पंचायत में अधूरे पड़े पंचायत सरकार भवन को भी अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित मुखिया को दिया, ताकि वहां के लोगों को भी जल्द इसका लाभ मिल सके। पंचायत सरकार भवन के निर्माण से शहीदगंज पंचायत में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे सरकारी सुविधाएं मिल सकेंगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *