टीकापट्टी में बासा में आग से 16 गाय माताओं की मौत, आधा दर्जन गंभीर रूप से झुलसे

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: टीकापट्टी थाना क्षेत्र के मोरसंडा बहियार स्थित टीकापटी गांव में बीती देर रात मवेशी पालकों के बासा में भीषण आग लगने से 16 गाय माताएं मौके पर ही झुलसकर दम तोड़ गईं, जबकि लगभग आधा दर्जन गायें गंभीर रूप से झुलस गईं और जिंदगी-मौत की जंग लड़ रही हैं।

घटना के समय मवेशी पालक अपने गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर चले गए थे, जब नन्हकी यादव ने साइकिल से भागकर आग की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और मवेशी पालकों ने किसी प्रकार की मदद नहीं मिलने से आक्रोश जताया। पशु चिकित्सा प्रभारी डॉ. संतोष कुमार और अन्य सरकारी अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे, और एंबुलेंस के लिए टोल-फ्री नंबर 1962 पर दर्जनों बार कॉल करने के बावजूद कोई सहायता उपलब्ध नहीं हुई।

सुबह लगभग साढ़े आठ बजे एनजीओ के एक कर्मी मौके पर पहुंचे और झुलसी गायों का उपचार शुरू किया। घटना स्थल पर फैली मृतक गायों की लाशें और गंभीर रूप से झुलसी गायों की स्थिति देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। अंचलाधिकारी रूपौली शिवानी सुरभि ने बताया कि मवेशी पालकों को उचित मुआवजा देने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।