धमदाहा में सड़क हादसे में दो छात्राओं की मौत, शराब से लदी कार पर उठे गंभीर सवाल

पूर्णिया , आनंद यादुका: पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार शराब लदी कार ने तीन लोगों को कुचला और दो छात्राओं की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक दिलीप यादव घटनास्थल पहुंचे और मृतक परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

उन्होंने इस हादसे पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि बिहार में शराब माफियाओं और पुलिस प्रशासन के बीच मिलीभगत के कारण ही यह हालात बन रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए यादव ने बताया कि कार में रखी शराब को तुरंत हटाया गया, जिससे मामले की गम्भीरता और बढ़ गई।

उन्होंने पूरी घटना की जांच कराने और भवानीपुर थाना के अधिकारियों के कर्तव्यों की समीक्षा कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में शराबबंदी केवल गरीबों के लिए कठोर दिखती है, जबकि माफियाओं को संरक्षण मिलता है। मौके पर राजद नेता और कई स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद थे, जिन्होंने घटना की निंदा की और न्याय की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *