समर्पित कार्यकर्ता के परिवार के साथ खड़ी हुई जदयू, बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने सौंपे 5 लाख FD के दस्तावेज
पूर्णिया : दिवंगत युवा जनता दल यूनाइटेड के पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय राजू कुमार मंडल के परिवार के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने उनकी बच्ची की शिक्षा, भविष्य और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जदयू परिवार की ओर से 5 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट से संबंधित दस्तावेज परिजनों को सौंपे।
इस अवसर पर माहौल भावुक हो गया। मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि स्वर्गीय राजू कुमार मंडल केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करने वाले समर्पित साथी थे। उन्होंने युवा जदयू को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। संगठन और कार्यकर्ताओं के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि राजू मंडल का जीवन संघर्ष, सादगी और सेवा की भावना का उदाहरण था। वे हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय रहते थे। उनके निधन से संगठन ने एक कर्मठ और भरोसेमंद साथी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि जदयू परिवार स्वर्गीय राजू मंडल के बच्चों के सपनों को कभी टूटने नहीं देगा। उनकी बच्ची की पढ़ाई और भविष्य की जिम्मेदारी में पूरा संगठन परिवार की तरह साथ खड़ा रहेगा। यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि एक आत्मीय संबंध और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता जदयू परिवार का अभिन्न हिस्सा है। दुख की इस घड़ी में राजू मंडल का परिवार अकेला नहीं है। संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और भविष्य में भी परिवार को जो भी आवश्यकता होगी, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी मंत्री लेशी सिंह ने घटना के तुरंत बाद अपने निजी कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिवार को प्रदान की थी। लगातार सहयोग के जरिए उन्होंने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार है।
इस मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष अविनाश कुमार, प्रवीण कुमार दास मुन्ना, मनोज पासवान, रंजीत पासवान, सतेन्द्र सिंह, भोला चौधरी, मनोज चौधरी, अमरेश सिंह, सुबोध मेहता, गोपाल ठाकुर, कुणाल कुमार, मंटू कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








