Jyoti Malhotra,हिसार : पाकिस्तान से संबंध के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर Jyoti Malhotra  को लेकर हिसार पुलिस ने आज एक बड़ा बयान जारी किया है। पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही कई अफवाहों का खंडन करते हुए कहा है कि जांच में अभी तक ऐसा कोई सीधा सबूत नहीं मिला है जो ज्योति के किसी आतंकवादी संगठन से सीधे संबंध को दर्शाता हो। पुलिस ने इस बात से भी इनकार किया है कि उसे ज्योति के पास से कोई ‘डायरी’ मिली है, जिसके पन्ने सार्वजनिक रूप से प्रसारित किए जा रहे हैं। हिसार पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई “तथ्यहीन खबरें” फैलाई जा रही हैं, जिससे न केवल जांच प्रभावित हो रही है, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकती है। पुलिस ने पुष्टि की है कि ज्योति मल्होत्रा कुछ PIOs (पाकिस्तान उच्चायोग से जुड़े अधिकारियों) के संपर्क में थी और उनके साथ कुछ सूचनाओं का आदान-प्रदान भी किया गया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ज्योति से 3 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कुछ अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। इन उपकरणों के विश्लेषण का परिणाम अभी तक पुलिस को नहीं मिला है। इसके अलावा, कुरुक्षेत्र निवासी हरकीरत, जो वीजा सेवाएं उपलब्ध करवाता है, को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। हरकीरत से भी दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, हालांकि उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने उन दावों को भी खारिज कर दिया है जिनमें ज्योति के धर्म परिवर्तन करने या किसी पाकिस्तानी अधिकारी से शादी करने की बात कही जा रही थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इन दावों का अभी तक कोई प्रमाण नहीं मिला है। ज्योति के चार बैंक खातों की गहनता से जांच की जा रही है, लेकिन पैसों के लेन-देन को लेकर अभी कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। हिसार पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पूरा मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित है और जनता से भ्रामक जानकारी पर यकीन न करने की अपील की। ज्योति मल्होत्रा की हिरासत अवधि आज पूरी हो गई और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *