PURNEA NEWS: पूर्णिया को मिला नया जिला पदाधिकारी, अंशुल कुमार ने संभाला प्रभार, विकास और नवाचार को दी प्राथमिकता

पूर्णिया: PURNEA NEWS पूर्णिया जिले को नया जिला पदाधिकारी मिल गया है। श्री अंशुल कुमार ने मंगलवार को विधिवत रूप से जिला पदाधिकारी (DM) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त सुश्री चंद्रिमा अत्री और अपर समाहर्ता श्री रवि राकेश ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। पूर्व जिला पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने मौके पर उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों से नवपदस्थापित डीएम का परिचय कराया और उन्हें जिले के कार्यों की जानकारी दी। नवागत डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि पूर्णिया एक शानदार जिला है और बांका से यहां आकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व डीएम कुन्दन कुमार द्वारा जिले में कई नवोन्मेषी (Innovative) पहल की गई हैं, जिन्हें वे न केवल जारी रखेंगे बल्कि और भी बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्मार्ट क्लासेस, उद्योग विकास, पूर्णिया सिविल एयरपोर्ट, और पूर्णिया-पटना ग्रीन एक्सप्रेसवे जैसे अहम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। डीएम अंशुल कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ मिलकर जिले की विधि-व्यवस्था, शांति और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने खासकर शिक्षा और स्वास्थ्य को अपनी प्राथमिकता में बताया क्योंकि ये सीधे आम जनता से जुड़े क्षेत्र हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मीडिया और सामाजिक संगठनों से सकारात्मक सहयोग की अपील की। इस अवसर पर जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे और एक सकारात्मक ऊर्जा के साथ नव डीएम के नेतृत्व में बेहतर प्रशासन की उम्मीद जताई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *