PURNIA NEWS : पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने सोमवार को जिले के पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार से मुलाकात कर जिले की विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की और कई अहम सुझाव दिए। विधायक ने कानून-व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि थाना स्तर पर त्वरित कार्यवाही और जनता से सीधे संवाद की प्रक्रिया को सशक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जिले के सभी थानों में पुलिस की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जाए तथा वरीय पदाधिकारी स्वयं जाकर निरीक्षण करें। खेमका ने प्रत्येक थाने में थाना प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की मांग की ताकि आमजन को पुलिस से संपर्क साधने में कोई कठिनाई न हो।
उन्होंने जोर दिया कि थानों में आने वाले हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने ‘डायल 112’ सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस गश्ती को दिन-रात दोनों समय में बढ़ाने का सुझाव देते हुए कहा कि स्कूल, कॉलेज, बाजार और हाट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की उपस्थिति मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “कानून के राज में कोई भी अपराधी हो, उसकी जगह जेल में ही है।” उन्होंने हाल में हुई घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने की आवश्यकता जताई और पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक के मेहेन्दरपुर तथा शहर के बक्सा घाट कॉलेज रोड में टॉप (T.O.P) स्थापित करने की मांग भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी।



