PURNIA NEWS : रूपौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंकर सिंह ने मंगलवार को भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत जावे पंचायत के जावे गांव में ₹12,61,643 की लागत से मो. मुबारक के घर से मो. शमीम के घर तक बनने वाली सड़क और नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह कार्य “आपका विधायक–आपके द्वारा” योजना के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सीधे जनता से जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक के साथ उनकी पत्नी एवं जिला परिषद सदस्य प्रतिमा सिंह उर्फ सुनीता कुमारी भी उपस्थित रहीं। विधायक शंकर सिंह ने कहा कि “जनता हमारे लिए भगवान है और उन्हीं के आशीर्वाद से सेवा का अवसर मिला है। हमारा लक्ष्य है कि हर गांव और टोले तक विकास पहुंचे।
वर्षों से लंबित इस सड़क और नाले की मांग को आज पूरा किया जा रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं, न कि सत्ता का साधन। वहीं जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी ने अपने संबोधन में समावेशी विकास को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचनाओं का विकास उनकी प्राथमिकता में है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी व स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक और जिला परिषद सदस्य का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत कर आभार जताया।



