ऑपरेशन प्रहार 2025: पूर्णिया पुलिस की ड्रग माफिया पर दमदार धड़पकड़, एक हफ्ते में बरामदगी और गिरफ्तारी से मचा हड़कंप!

पूर्णिया: पूर्णिया पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार 2025” के तहत एक हफ्ते के भीतर नशे के कारोबारियों और अपराधियों की कमर तोड़ दी है! 18 से 25 जून तक चले इस सघन अभियान में पुलिस ने 150 आरोपियों को दबोचा, जिनमें से 140 को जेल की सैर करवा दी गई। इस दौरान 212 अजमानतीय और 143 जमानतीय वारंट का निष्पादन हुआ, साथ ही 14 कुर्की कार्रवाइयां भी पूरी की गईं। नशे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस ने 1068.53 लीटर विदेशी शराब, 184.25 लीटर देशी शराब, 4000 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप, 165.67 ग्राम स्मैक और 443.02 ग्राम गांजा बरामद किया।

इसके अलावा एक अवैध हथियार, 14 वाहन, 9 मोबाइल फोन और ₹30 लाख से ज्यादा की नकदी भी जब्त हुई। 19 जून को मोटर गैरेज जांच में चोरी की दो बाइक बरामद कर एक संचालक गिरफ्तार किया गया, वहीं विशेष वाहन जांच अभियान में 2118 गाड़ियों की जांच कर 363 पर ₹5.25 लाख का चालान ठोका गया। 20 जून को बायसी थाना ने कफ सिरप से भरा ट्रक पकड़ा और चालक को धर लिया, जबकि 25 जून को मुफस्सिल थाना ने शराब लदे ट्रैक्टर के साथ एक आरोपी को पकड़ा।

इस दौरान ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता अभियान भी ज़ोरों पर रहा—प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, ड्रॉइंग प्रतियोगिता और मेडिकल कैम्प के ज़रिए पुलिस ने जनता को साफ संदेश दिया कि “नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं!” पूर्णिया पुलिस की ये चौतरफा कार्रवाई बता रही है कि अब जिले में अपराध और नशा दोनों की खैर नहीं—पकड़े भी जाओगे और भुगतोगे भी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *