PURNIA NEWS : धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के सतकोदरिया और गोआसी पंचायत में आयोजित दीदी से दिल की बात कार्यक्रम में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में न केवल अपनी जिम्मेदारियों का संजीदगी से निर्वहन करती हैं, बल्कि समाज और राजनीति में भी संवेदनशील नेतृत्व देती हैं। उन्होंने कहा कि हर गृहिणी एक कुशल अर्थशास्त्री होती है, जो सीमित संसाधनों में घर चलाने का हुनर रखती है। मंत्री ने यह भी कहा कि समाज में मौजूद जाति-धर्म के भेदभाव को खत्म करने की जिम्मेदारी भी महिलाओं को ही उठानी होगी।
लेशी सिंह ने यह भावुक टिप्पणी भी की कि वे खुद एक महिला हैं, इसलिए जनता की समस्याओं को औरों से बेहतर समझती हैं, और यही कारण है कि धमदाहा आज विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि उनकी जीत में मातृशक्ति की अहम भूमिका होती है और आगामी चुनाव में भी महिला बहनों के समर्थन से कोई भी ताकत उन्हें रोक नहीं सकती। कार्यक्रम में कई पंचायत प्रतिनिधियों और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने एक स्वर में मंत्री के नेतृत्व को समर्थन देने का संकल्प लिया।




