दास नदी के कहर से अमौर के गांव संकट में, दर्जनों घर खतरे में, ग्रामीण कर रहे रतजगा

पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड में लगातार हो रही बारिश से कनकई, महानंदा, परमान और दास नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे दास नदी के किनारे बसे ज्ञानडोभ पंचायत के पैठान टोली वार्ड संख्या तीन में कटाव ने विकराल रूप धारण कर लिया है। नदी की धार गांव के बिलकुल करीब पहुंच चुकी है और दर्जनों घरों पर संकट मंडरा रहा है। ग्रामीण सज्जाद, आलमगीर, रियासुद्दीन, फैयाज, फैजान, जमील समेत अन्य ने बताया कि कुछ साल पहले तक जो नदी गांव से दूर थी, अब वह उनके दरवाजे तक आ पहुंची है। लोग रतजगा कर अपने घर और जानमाल की सुरक्षा में लगे हैं।

नगरा टोला जैसे इलाकों में पिछले पांच वर्षों से जारी कटाव ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है, और इस बार भी लोग अपना आशियाना तोड़ने को मजबूर हैं। कई लोग ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से कटाव की शिकायत की जा रही है, लेकिन न कोई कटावरोधी काम हुआ और न ही कोई राहत मिली। इस बीच सीओ कृष्ण मोहन राय ने कटाव स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजे जाने की जानकारी दी है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में गांव का नामो-निशान मिटना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *