गृह मंत्री अमित शाह का कार्यकाल साहसिक नेतृत्व एवं अटल निर्णयों का प्रतीक: टनटन ठाकुर

कटिहार, किशन भारद्वाज: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य टनटन ठाकुर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 2258 दिनों तक देश की सेवा करने वाले सबसे लंबे कार्यकाल वाले गृह मंत्री बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह का कार्यकाल भारतीय राजनीति में साहसिक नेतृत्व, दूरदर्शिता और निर्णायक फैसलों के लिए सदैव याद किया जाएगा।

टनटन ठाकुर ने कहा कि अमित शाह के गृह मंत्री रहते हुए देश ने कई ऐतिहासिक फैसले देखे। उन्हीं की दृढ़ इच्छाशक्ति और अडिग नेतृत्व का परिणाम है कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई, जो दशकों से एक संवेदनशील और जटिल मुद्दा बना हुआ था। 5 अगस्त, जो इस ऐतिहासिक निर्णय का दिन था, वह भारतीय संघीय संरचना की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि अमित शाह के कार्यकाल में देश की आंतरिक सुरक्षा को नई मजबूती मिली है। देश में आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर समस्याओं पर लगाम लगाने में उन्होंने प्रभावशाली कार्य किया। कई उग्रवादी संगठनों ने आत्मसमर्पण किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि केंद्र सरकार की नीति ‘कड़ाई और संवाद’ दोनों के संतुलित प्रयोग पर आधारित रही है।

टनटन ठाकुर ने यह भी कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का 2258 दिनों का कार्यकाल सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने न केवल प्रशासनिक दृष्टि से कार्य किया, बल्कि देशवासियों के मन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया। उनके निर्णयों में भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और विकास की स्पष्ट झलक मिलती है। अंत में भाजपा नेता टनटन ठाकुर ने कहा कि अमित शाह का यह लंबा और ऐतिहासिक कार्यकाल आने वाले समय में देश के लिए एक प्रेरणा स्रोत रहेगा। उनका नेतृत्व भारत की आंतरिक सुरक्षा और सामरिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *