पतकेली गांव में दर्दनाक हादसा, मिटी की दीवार गिरने से युवक की मौत – विधायक शंकर सिंह ने पहुंचकर जताई संवेदना

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: पूर्णिया जिले के वसंतपुर पंचायत स्थित पतकेली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब मिट्टी की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक राजकुमार ठाकुर अपने घर की पुरानी मिट्टी की दीवार को तोड़ रहे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर उन पर गिर पड़ी। हादसा इतना अचानक और तेज था कि जबतक ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक वे गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। परिजनों द्वारा उन्हें आनन-फानन में पूर्णिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही विधायक शंकर सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पतकेली गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और इस असमय मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए परिजनों को हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और सरकारी मदद दिलवाने का आश्वासन भी दिया। गांव में शोक की लहर है, और लोग राजकुमार ठाकुर के इस असमय निधन को लेकर गहरे दुख में हैं। वहीं विधायक की त्वरित उपस्थिति और संवेदनशीलता ने पीड़ित परिवार को थोड़ा संबल देने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *