पटना: बिहार सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर एक और ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में राज्य परिवहन निगम की हर बस में अब महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने अपने सोशल हेंडल पर पोस्ट करते हुए बताया की अब राज्य की हर सरकारी बस की आगे की चार पंक्तियाँ केवल महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। यह पहल न सिर्फ महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देगी, बल्कि राज्य में नारी सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
मंत्री लेशी सिंह ने कहा, “यह नीतीश जी की सरकार है जहाँ हर वर्ग की चिंता है। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षित सफर हमारी शीर्ष प्राथमिकता है।” यह निर्णय खासतौर पर कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीण इलाकों से यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए एक सशक्त संदेश है कि सरकार उनके साथ खड़ी है। ‘बदलाव की सवारी’ के रूप में इस पहल को पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है। इस फैसले से बिहार एक बार फिर महिला सम्मान और सुरक्षा के क्षेत्र में देश के अन्य राज्यों के लिए उदाहरण पेश कर रहा है।



