PURNIA NEWS : पूर्णिया के मधुबनी सिपाही टोला स्थित अमर शहीद कुटाई शाह स्मारक पर 9 अगस्त शहीद दिवस के अवसर पर सदर विधायक विजय खेमका ने पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के “भारत छोड़ो आंदोलन” के आह्वान ने पूरे देश में अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ क्रांति की लहर पैदा की, जिसमें पूर्णिया की धरती ने भी अपने वीर सपूतों का बलिदान दिया।
विधायक ने शहीद कुटाई शाह के अदम्य साहस, ब्रिटिश शासन के खिलाफ उनके संघर्ष और देश के लिए दी गई सर्वोच्च आहुति को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान पूरे भारत का गौरव है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से शहीदों के सपनों का भारत बनाने और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गोपाल सिन्हा, मिथिलेश पोद्दार, रामपदारत दास, अजित सिन्हा, चंदन पासवान, चंद्र किशोर भगत और बिनोद सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



