Purnia News: गुमनामी में जीवन बिता रहे स्वतंत्रता सेनानी के परिजन, सुविधाओं से वंचित

पूर्णियाँ, आनंद यादुका: Purnia News भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत बसंतपुर चिंतामणि उस्कावरी पंचायत के बलिया गांव निवासी स्वतंत्रता सेनानी महादेव सिंह के परिजन आज भी गुमनामी और उपेक्षा का जीवन जीने को मजबूर हैं। सेनानी की विधवा गायत्री देवी को पेंशन तो मिल रही है, लेकिन उनके परिवार को आज तक न तो राशन कार्ड मिला है और न ही किसी सरकारी योजना का लाभ। पुत्र धनंजय सिंह, पुत्रवधू रूबी देवी और पोते-पोतियों ने बताया कि वे कई बार प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई।

धनंजय सिंह ने कहा कि वे खेती कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन एक साधारण राशन कार्ड बनवाने के लिए भी प्रशासनिक उपेक्षा झेलनी पड़ रही है। स्वतंत्रता सेनानी के बेटे ने पिता को मिला ताम्रपत्र दिखाते हुए कहा कि उन्हें गर्व है, लेकिन अफसोस इस बात का है कि परिवार को आज तक वह सम्मान और सुविधा नहीं मिल पाई, जिसकी वे वास्तव में हकदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *