दुर्गापुर गांव में रविवार की देर रात्रि चली गोली से एक घायल

पूर्णिया, आनंद यादुका: भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर पंचायत अंतर्गत दुर्गापुर गांव में रविवार की देर रात्रि लगभग डेढ़ बजे अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दिया। बेखौफ बदमाशों के द्वारा चलाई गई गोली दुर्गापुर निवासी नागेश्वर मंडल के पुत्र हीरा मंडल के बांयें जांघ को पार कर दांयें जांघ को जख्मी करते हुए निकल गया। बदमाशों की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हीरा मंडल को स्थानीय लोगों के द्वारा इलाज के लिए सीएचसी भवानीपुर लाया गया। जहां मौके पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० कुमार मृगेश एवं चिकित्सा कर्मी रंजीत कुमार के द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

इलाज कर रहे चिकित्सकों ने घायल युवक की स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे तत्काल हाइयर सेंटर रेफर कर दिया। पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में घायल युवक का इलाज चल रहा है। घायल युवक के परिजनों ने बताया कि हीरा मंडल रविवार की रात्रि खाना खाने के बाद अपने बासा पर सोने की बात कहकर अपने बासा पर चला गया था। बासा पर जाने के दौरान वह बासा के बगल स्थित एक गोदाम पर काम रहे मजदूरों के साथ वह बैठ गया। देर रात्रि काम खत्म होने के बाद जब सभी मजदूर गोदाम से घर चले गए तो हीरा मंडल भी गोदाम से अपने बासा पर जा रहा था।

बासा पर जाने के दौरान ही अज्ञात दो बदमाशों ने उसे गोली मार दिया। बदमाशो की गोली हीरा मंडल के बांये जांघ को छेदते हुए दांयें जांघ को जख्मी कर निकल गया। इस बावत भवानीपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि गोली चलने की घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि अभीतक घायल युवक या उसके परिजनों के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *