
पूर्णिया में कांग्रेस पोस्टर फाड़ने को लेकर बवाल, मेयर पति और कांग्रेस नेता जितेन्द्र यादव पर लगे गंभीर आरोप
पूर्णिया: पूर्णिया में सोमवार देर शाम एक विवादित घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया, जब कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तस्वीर लगे होर्डिंग्स और पोस्टर्स को कथित तौर पर फाड़कर फेंक दिया गया। आरोप है कि यह हरकत हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए और वर्तमान मेयर के पति जितेन्द्र यादव के निर्देश पर उनके समर्थकों द्वारा की गई।
स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी का सीधा अपमान करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि देश की सबसे पुरानी और लोकतांत्रिक पार्टी के प्रतीक ‘हाथ’ और राहुल गांधी जैसे जननेता की तस्वीर का इस तरह अपमान पूर्णिया कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्णिया नगर निगम किसी की निजी जागीर नहीं है, यहां के आम नागरिकों की भी भागीदारी है और सभी नागरिक टैक्स देकर व्यवस्था को सहयोग करते हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस में आने से पहले नए नेताओं को पार्टी का इतिहास, उसकी कुर्बानियां और परंपराएं समझनी चाहिए थी।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है और पार्टी स्तर पर भी इसे लेकर संज्ञान लिए जाने की बातें कही जा रही हैं। स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस का नहीं, बल्कि समुदाय की भावनाओं का भी अपमान है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस आलाकमान और स्थानीय संगठन इस घटना पर क्या कार्रवाई करते हैं, और क्या मेयर पति जितेन्द्र यादव इस आरोप पर सफाई देते हैं या नहीं। मामला तेजी से राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है।