PURNIA NEWS : पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के कसवा मदरसा चौक निवासी एक ही टोला के अलग-अलग परिवारों के पाँच सदस्यों की नदी में डूबकर हुई दर्दनाक मौत पर विधायक विजय खेमका ने गहरा शोक व्यक्त किया। विधायक मौके पर पहुँचकर मृतकों के परिजनों से मिले और उन्हें ढांढ़स बंधाया। खेमका ने कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है और पाँच लोगों की असमय मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य दे।
विधायक ने कहा कि एनडीए सरकार एक संवेदनशील सरकार है। घटना की सूचना मिलते ही न केवल स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँचे, बल्कि सरकार के मंत्री भी राहत और मदद सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय हुए। उन्होंने विभाग द्वारा पीड़ित परिवार को तुरंत सरकारी सहायता राशि दिए जाने पर संतोष व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। विधायक के साथ मौके पर मनोज मोदी भी मौजूद थे।



