PURNIA NEWS : पूर्णिया कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (प्रथम इकाई) के तहत 25 अगस्त को जल-जीवन-हरियाली अभियान 2025-26 के अंतर्गत एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सावित्री सिंह ने की। उन्होंने पौधे लगाकर सभी को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन का संदेश दिया तथा कहा कि बदलते दौर में प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे कारगर उपाय है। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह वाणिज्य विभागाध्यक्ष सीए. राजेश एस. झा ने स्थायी पौधशाला एवं वन प्रमंडल, पूर्णिया का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने निःशुल्क पौध उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
कार्यक्रम में कॉलेज के कई प्राध्यापक और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए और छात्रों के साथ मिलकर पौधे लगाए। छात्र-छात्राओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बड़ी संख्या में पौधारोपण कर अभियान को गति दी। अंत में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल नियमित रूप से की जाएगी ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके।



