
PURNIA NEWS : धमदाहा में औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात, राज्य कैबिनेट ने दी 279.65 एकड़ भूमि अधिग्रहण की मंजूरी
PURNIA NEWS : मंगलवार को आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में धमदाहा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत के०नगर प्रखंड में उद्योगों की स्थापना और औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव के तहत बिठनौली खेमचन्द्र एवं गणेशपुर समेत कई मौजों में कुल 279.65 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने जानकारी दी कि इस अधिग्रहण के लिए लगभग 66 करोड़ 91 लाख 91 हजार 318 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह अधिग्रहण आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार, पटना द्वारा किया जाएगा।
लेशी सिंह ने कहा—
“धमदाहा क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना से न सिर्फ स्थानीय बेरोजगारी कम होगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस कदम से न केवल धमदाहा बल्कि पूरे पूर्णिया जिले के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर भविष्य में और औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन की आवश्यकता पड़ी तो सरकार उसे भी उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। मंत्री ने इस फैसले को राज्य में औद्योगिक विकास और नए उद्यमों को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर बताया।लेशी सिंह ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार का संकल्प है कि राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अधिक से अधिक औद्योगिक निवेश लाया जाए। उन्होंने धमदाहा की जनता से वादा किया कि उनका प्रयास क्षेत्र में औद्योगिक गलियारे और रोजगार की नई संभावनाओं को हकीकत में बदलने का रहेगा।