SAHARSA NEWS : सिमरी बख्तियारपुर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने निकाला आक्रोश मार्च

SAHARSA NEWS,अजय कुमार : पीएम नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की जनसभा में मंच से गाली देने के बाद बिहार में सियासी घमासान जारी है। रविवार को सिमरी बख्तियारपुर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने आक्रोश मार्च निकाला। यह आक्रोश मार्च स्टेशन चौक से शुरू हो कर मुख्य बाजार, पोस्ट आफिस चौक, शर्मा चौक, ब्लाक चौक होते हुए डाकबंगला चौक पहुंचा। जहां आक्रोश मार्च सभा मे तब्दील हो गया। आक्रोश मार्च में शामिल भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर जमकर कर निशाना साधा। इस दौरान भाजपा नेता ने नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, राहुल गांधी होश में आओ जैसे विभिन्न तरह के नारे लगाए। आक्रोश मार्च में मौजूद भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रितेश रंजन व किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि ‎मां के अपमान का बिहार का एक-एक बेटा जवाब देगा।

किसी भी मां पर अमर्यादित और घृणित टिप्पणी राजद और कांग्रेस की नीचता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब घृणा और अपमान की हद पार कर चुकी है। पीएम नरेंद्र मोदी को गोली देना पूरे पिछड़े और अति पिछड़े समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता इन लोगों को माफ नहीं करेगी। कहा कि राहुल गांधी जल्द से जल्द बिहार छोड़े नहीं तो बिहार की जनता उसे सबक सिखा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बिहार के लोगों अपमानित किया है। इसका परिणाम वे आने वाले विधानसभा चुनाव में खुद देख लेंगे। देश की जनता सब कुछ जान चुकी है और पूरे देश की जनता मजबूती के साथ नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। इस मौके पर डा. शैलेन्द्र कुमार, ऋतु रागिनी, रमेश कुमार सिंह, मिथिलेश भगत, रमेश कुमार गुड्डू, संजीव भगत, बूटन मिस्त्री, अरविंद भगत, रौशन राज, करण भगत, ललन जायसवाल, मुकेश मानस सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *