PURNIA NEWS : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता पर की गई अभद्र टिप्पणी ने पूर्णिया में भाजपा और विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश पैदा कर दिया। शनिवार को आर.एन. साह चौक पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां, बैनर और झंडे लिए जुटे और कांग्रेस विरोधी नारे लगाते हुए सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और चेतावनी दी कि यह टिप्पणी सिर्फ प्रधानमंत्री पर नहीं बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति पर हमला है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सिंह, सदर विधायक विजय खेमका, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमित सिंह, बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार समेत कई पदाधिकारियों ने किया।
नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी जनता के दिलों में बसते हैं और उनकी माता जी पर की गई अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की हताशा और गिरती हुई राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस माफी नहीं मांगती तो भाजपा और सहयोगी संगठन उग्र आंदोलन छेड़ देंगे। प्रदर्शन में विजय शाह, संतोष कुमार, तनु सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अनंत सिंह, चंदन कुमार, नीतीश कुमार, गुरुदेव महाल्दार, राजा पासवान, अमन कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे और प्रभावशाली बना दिया। उग्र नारों और भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने चौक-चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी, हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ।



