PURNIA NEWS : सड़क एवं नाला निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, पूर्व पार्षद सरिता राय ने की जांच की मांग

PURNIA NEWS : वार्ड 22 में आधारभूत संरचना मद से चल रहे सड़क और नाला निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए पूर्व पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्वी जिला अध्यक्ष सरिता राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि संवेदक द्वारा मनमाने ढंग से काम कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि अब तक कार्यस्थल पर शिलापट्ट नहीं लगाया गया और न ही प्राक्कलन की जानकारी स्थानीय लोगों को उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि बिना विभागीय एकरारनामे के कार्य शुरू कर दिया गया है और निर्माण के दौरान आरसीसी नाला मानक के अनुरूप नहीं बन रहा है। तकनीकी कमी के चलते जलजमाव और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

\जेसीबी से खुदाई में वाटर सप्लाई पाइपलाइन और दूरभाष तार भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। साथ ही निर्माण में उपयोग की जा रही गिट्टी-बालू मिट्टी युक्त है, सरिया व सीमेंट की गुणवत्ता भी मानक से कम है और ढलाई का क्यूरिंग तक नहीं किया जा रहा है। सरिता राय ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और अब तक किए गए काम की सामग्री की जांच क्वालिटी कंट्रोल लैब से कराई जाए, ताकि सरकारी योजना का वास्तविक लाभ लोगों तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *