ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : फारबिसगंज के कटहरा में स्थित सुलोचना देवी डॉ. डी.एल. दास सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को एक पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोक शिक्षा समिति, बिहार के सचिव रामलाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। यह सम्मेलन जोश और उत्साह से भरा रहा, जहाँ पूर्व छात्रों ने एक-दूसरे से मिलकर अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने वर्तमान में पढ़ रहे छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए, जिससे उन्हें भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन मिला।
पूर्व छात्रों की उपस्थिति विद्यालय की सबसे बड़ी पूंजी
लोक शिक्षा समिति के सचिव रामलाल सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों की उपस्थिति विद्यालय की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलताएँ विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं और उनकी उपलब्धियों से वर्तमान के छात्रों को प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर, उन वरिष्ठ शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सफलता की ऊंचाइयों को छुआ है।
कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य लोग
कार्यक्रम की सराहना प्रांतीय अध्यक्ष सह स्थानीय विद्यालय के अध्यक्ष राम प्रकाश प्रसाद ने भी की। इस मौके पर कोषाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय, सदस्य ममता देवी, प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार, मीडिया प्रभारी आचार्य अजय कुमार राय सहित कई शिक्षक और सैकड़ों पूर्व एवं वर्तमान छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।



