पूर्णिया: स्कूली बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ और फिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल न्यूट्रिशन प्रोग्राम “अंकुरण” को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होटल सेंटर प्वाइंट, पूर्णिया में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण (IFA), पोषण वाटिका की स्थापना, BMI जांच के माध्यम से पोषण स्तर का आकलन और स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देना रहा।
कार्यशाला में सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कन्नौजिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार प्रकाश, यूनिसेफ राज्य सलाहकार प्रकाश सिंह, पोषण अधिकारी संदीप घोष, अनीमिया मुक्त भारत के जिला सलाहकार शुभम गुप्ता समेत कई विभागीय और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को पोषण जागरूकता अभियान, बच्चों की वृद्धि निगरानी, नियमित स्वास्थ्य जांच, साफ-सफाई की आदतें, IFA टैबलेट और कृमिनाशक दवाओं के वितरण एवं पोषण वाटिका की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही E-Shiksha Kosh App के माध्यम से IFA रिपोर्टिंग प्रणाली पर प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यशाला के अंत में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग ने यह साझा संकल्प लिया कि पूर्णिया जिले में कोई भी बच्चा कुपोषण, अस्वच्छता या पर्यावरणीय असुरक्षा का शिकार न हो और सभी विद्यालय पोषण-सक्षम, स्वच्छ और क्लाइमेट स्मार्ट बनें। यह कार्यक्रम केवल एक पहल नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक ठोस कदम और जन-जागरूकता का आधार बनेगा।



