PURNIA NEWS : ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अनोखे अंदाज़ में दी डीएम और एसपी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं

PURNIA NEWS : जिले में इस बार दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देने का तरीका खासा अलग और यादगार रहा। ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने 25 सितंबर 2025 को जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को न केवल शुभकामनाएं दीं बल्कि अपनी कला से सबका दिल भी जीत लिया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए माता दुर्गा का आकर्षक 3D चित्र बनाकर अधिकारियों को भेंट किया। विद्यालय के संस्थापक एवं निदेशक अनिकेत कुमार सिंह ने इस पहल को बच्चों की कला और कौशल को आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का काम करता है। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी और पुलिस कप्तान ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए मिठाई और चॉकलेट भेंट की, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम के दौरान प्रेस अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह और कुमार शुभम वर्मा ने इसे जिले में एक नई शुरुआत करार दिया। उनका कहना था कि इस तरह की पहल से बच्चों में आत्मविश्वास और संवाद क्षमता बढ़ेगी, जिससे वे भविष्य में निडर होकर समाज और प्रशासन से जुड़ सकेंगे। विद्यालय की शिक्षिकाएँ मनीषा सिंह, खुशी कुमारी और निशा सिन्हा के मार्गदर्शन में करीब 20 बच्चों का समूह इस कार्यक्रम में शामिल हुआ। आयोजन ने न केवल जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को प्रभावित किया, बल्कि पूरे जिले के लिए यह एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *