पूर्णियाँ: पूर्णियाँ कॉलेज, पूर्णियाँ के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रथम इकाई द्वारा 25 सितंबर 2025 को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सावित्री सिंह ने की। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का कर्तव्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी उनकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जहां ज्ञान देती है, वहीं स्वच्छता समाज को स्वस्थ और सम्मानजनक बनाती है।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी एवं वाणिज्य विभागाध्यक्ष सीए. राजेश एस. झा ने कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि यह राष्ट्र सेवा है, जिसे हर नागरिक को अपनाना चाहिए। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर हाथों में झाड़ू उठाया और पूरे परिसर की सफाई की। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में डॉ. ए. खान, डॉ. सी.के. मिश्रा, डॉ. मनीष, डॉ. मुजाहिद हुसैन, डॉ. रमन गुंजन, श्री उत्तम घोष और श्री अबु फ़ज़ल सहित कई प्राध्यापक मौजूद रहे और स्वेच्छा से श्रमदान में भाग लिया। कॉलेज के कर्मचारियों श्री अरुण वर्मा, श्री मनतोष कुमार और श्री राजेश कुमार ने भी अहम भूमिका निभाई।
छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कशिश कुमारी, सुची कुमारी, अनुपमा कुमारी, ज्योति कुमारी, इक़बाल, कौशल कुमार, सचिन कुमार समेत अनेक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और परिसर को स्वच्छ बनाने में अहम योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में इसका संदेश फैलाने का संकल्प लिया।



