मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज में भ्रष्टाचार के खिलाफ एबीवीपी का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी, नेता भूख हड़ताल पर

PURNIA NEWS : मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज के प्रधानाचार्य पर भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता और अवैध उगाही के गंभीर आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आज लगातार तीसरे दिन भी विश्वविद्यालय परिसर में जारी रहा। इस बीच आंदोलन को और तेज करते हुए 25 सितंबर से एबीवीपी के विभाग संयोजक अमित कुमार मंडल, जिला संयोजक दीपक कुमार चौहान और जिला सह-संयोजक सोमू पासवान भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। एबीवीपी नेताओं का कहना है कि विगत एक सप्ताह से विश्वविद्यालय के कुलपति अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं और अब तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से न ही कोई ठोस पहल हुई है और न ही किसी प्रतिनिधि ने आंदोलनरत छात्रों से वार्ता की है। उल्टे विश्वविद्यालय व जिला प्रशासन द्वारा धरना व भूख हड़ताल को तोड़ने के लिए छात्रों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य रितेश यादव ने आरोप लगाया कि मारवाड़ी कॉलेज के वर्तमान प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजीवा कुमार पूर्व में भी भ्रष्टाचार के मामले में विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति प्रो. राजेश सिंह द्वारा निलंबित किए जा चुके हैं, इसके बावजूद उनके विरुद्ध आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और वर्तमान कुलपति व प्रशासन उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। एबीवीपी नेताओं ने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य केवल प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं बल्कि विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के तंत्र को खत्म करना भी है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और अवैध उगाही की जांच कर छात्रों को राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ी तो इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *