पूर्णिया, आनंद यादुका: सोमवार की सुबह लगभग 6 बजे एसएच 65, टीकापट्टी क्षेत्र में शराब से लदी हुंडई कार (बीआर 11 बीआर 8472) ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दो छात्राओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ। मृतक छात्राओं में राजनंदनी कुमारी, किशनपुर बलुआ पंचायत, सखुआटोला की निवासी, जो बीएचयू बनारस में बीए की छात्रा थीं, और मोनिका कुमारी, जो नवोदय विद्यालय की तैयारी कर रही थी, शामिल हैं। घायल बच्चा रूपक हेम्ब्रम है।

हादसे के तुरंत बाद मृतक परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोग एसएच 65 को जाम कर बैठे और सड़क किनारे शराब से लदी कार को धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में लदी शराब को लूट लिया, जिससे ग्रामीण और भी गुस्से में आ गए। पुलिस की इस कार्रवाई पर लोग सवाल उठाते रहे कि आखिर 10 मिनट में पुलिस कैसे वहां पहुंची और किसके इशारे पर शराब लुटवाई गई।

घटना की जानकारी मिलते ही धमदाहा एसडीएम अनुपम, एसडीपीओ संदीप गोल्डी, सीओ कुमार रवींद्रनाथ और धमदाहा थानाध्यक्ष सरोज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। वे भी लोगों को शांत करने का प्रयास कर रहे थे। इस बीच पूर्व विधायक दिलीप यादव और जनसुराज जिलाध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ बंटी यादव भी मौके पर पहुंचे। बंटी यादव ने मृतक परिजनों के समर्थन में सड़क पर धरना देकर शराब लदी कार के मालिक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
आक्रोशितों ने सिंघाड़ापट्टी चौक से भवानीपुर थाना सीमा तक सड़क को बांस-बल्ले लगाकर जाम किया, जिससे यातायात सात घंटे तक बाधित रहा। दोपहर लगभग एक बजे, प्रशासन ने लिखित आश्वासन देने के बाद सड़क जाम हटाया और दोनों मृतक छात्राओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
धमदाहा एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बताया कि हादसे में दो छात्राओं की मौत पर लोगों में गहरा आक्रोश था। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच और कार्रवाई करेगी।



