धमदाहा में महिला की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली सनसनी — जमीनी विवाद में हत्या की आशंका

पूर्णिया, आनंद यादुका: धमदाहा थाना क्षेत्र के धरहर जमुनिया वार्ड संख्या 14 में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने बरामदे में सो रही 45 वर्षीय गोरी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

मृतका की बेटी पार्वती कुमारी ने बताया कि रात करीब दो बजे फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उसने अपनी मां को खून से लथपथ देखा और आंगन से किसी के भागने की आवाज भी सुनी। सूचना पर धमदाहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पूर्णिया भेज दिया। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतका की बेटी ने गांव के ही शिवलाल मुर्मू को नामजद आरोपी बनाते हुए थाना में लिखित आवेदन दिया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने शनिवार दोपहर घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। धमदाहा थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि हत्या की जांच हर एंगल से की जा रही है और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *