पूर्णिया एयरपोर्ट को जोड़ने वाली नई फोर लेन सड़क निर्माण में देरी, यात्रियों को हो रही कठिनाई

PURNIA NEWS : पूर्णिया एयरपोर्ट को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए हरदा पुल तक नई फोर लेन सड़क के निर्माण को लेकर लंबित समस्याएँ यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। 05 जून 2023 को बिहार सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच समझौते के बावजूद, सिविल एंक्लेव का एनएच 31 से फोर लेन सड़क के माध्यम से जुड़ाव आज तक नहीं हो पाया है, जिससे हवाई यात्रियों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण में इंडियन एयरफोर्स के बमडम हथियार भंडारण क्षेत्र के पास अंडरपास से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु रक्षा मंत्रालय ने 29 अक्टूबर 2024 को बिहार सरकार को पत्र भेजा है, जिस पर पुनर्विचार आवश्यक है।

विशेषज्ञों का सुझाव है कि हरदा पुल तक फोर लेन सड़क बनने तक पूर्णिया के चुनापुर घाट-गोआसी-खरंजा रोड (जिला परिषद रोड नंबर 14) को मोटरेबल बनाया जाए, ताकि यात्रियों की वर्तमान समस्याओं में राहत मिल सके। बढ़ती हवाई यात्री संख्या और बैंगलोर, मुंबई, गुवाहाटी जैसी प्रमुख उड़ानों की मांग को देखते हुए, सिविल एंक्लेव का फोर लेन से जुड़ाव और कार्गो टर्मिनल की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा सड़क निर्माण किए जाने पर समय पर उच्च गुणवत्ता की सड़क कनैक्टिविटी सुनिश्चित हो सकती है, जो बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और नेपाल के आसपास के करोड़ों लोगों के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट को महत्वपूर्ण और भरोसेमंद हवाई मार्ग बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *