PURNIA NEWS

पूर्णिया, किशन: पूर्णिया विश्वविद्यालय के मुख्यालय परिसर में बाहरी एवं अराजक तत्वों के अनाधिकृत प्रवेश से शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच भय एवं असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को संबोधित एक पत्र में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कुलपति महोदय से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि कुछ असामाजिक तत्व बिना अनुमति के प्रशासनिक भवनों में प्रवेश करते हैं और दिनभर कार्यालयों में अनावश्यक रूप से घूमते रहते हैं। कई बार ये व्यक्ति विश्वविद्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात करते हुए धमकियाँ देते हैं तथा दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। इससे कार्यालयों का कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है और विश्वविद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

शिक्षक–कर्मचारियों ने कहा है कि इस स्थिति के कारण विश्वविद्यालय परिसर में भय का वातावरण बन गया है, जिससे न केवल कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है बल्कि परिवार के सदस्य भी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने कुलपति से अनुरोध किया है कि प्रशासनिक परिसर में बाहरी या अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए जाएं और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि सभी अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित तथा निर्भीक माहौल में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

विश्वविद्यालय समुदाय ने कहा है कि वे संस्थान की प्रगति और गरिमा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, लेकिन इस प्रकार की अराजकता से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। अब यह देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *