PURNIA NEWS : छठ पर्व पर दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से सहायिका के एकलौते पुत्र की मौत, पूरे गांव में मातम

PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : पूर्णिया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के साधुपुर मंझोडीह गांव में सोमवार की शाम छठ पर्व के दौरान उस समय मातम छा गया, जब अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते वक्त एक 20 वर्षीय युवक की नदी में डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बंटी कुमार (पिता संतोष कुमार) के रूप में की गई है, जो गांव की आंगनबाड़ी सहायिका अन्नपूर्णा देवी का इकलौता पुत्र था। ग्रामीण सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य हिमांशु कुमार उर्फ जुगनू ने बताया कि गांव के बगल से बहने वाली कारी कोसी नदी में बीते 35 वर्षों से छठ पर्व का आयोजन होता आ रहा है। सोमवार को भी सैकड़ों श्रद्धालु घाट पर एकत्रित होकर सूर्य भगवान को अर्घ्य दे रहे थे। इसी दौरान बंटी नदी में स्नान करने गया और अचानक गहरे पानी में डूबने लगा।

मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था। लगभग एक घंटे के बाद ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला। स्थानीय चिकित्सक द्वारा सीपीआर देने पर उसकी सांसें लौटीं, जिसके बाद उसे मोहनपुर थाना पुलिस की मदद से रेफरल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां अन्नपूर्णा देवी और पिता संतोष मंडल अपने पुत्र के शव से लिपटकर रोने लगे। पूरा गांव उस दर्दनाक दृश्य को देखकर सिसक उठा। मौके पर पहुंचीं सीओ शिवानी सुरभि से ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

गांव के लोगों ने कहा —

“जिस घाट पर मां अन्नपूर्णा देवी बीस वर्षों से छठी मइया की पूजा कर अपने बेटे की दीर्घायु की कामना करती थीं, वहीं उसी बेटे को उन्होंने खो दिया। यह गांव के लिए कभी न भूलने वाला दिन है।”

श्रद्धा और आस्था के इस पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक और सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *