पूर्णिया, आनंद यादुका: Bihar Election 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के द्वितीय चरण के प्रचार के अंतिम दिन भवानीपुर में राजद के स्टार प्रचारक और भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा में लोगों का भारी जनसमूह उमड़ा और मैदान पूरी तरह से खचाखच भर गया। अपने संबोधन में खेसारी लाल यादव ने एनडीए पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति बीजेपी या उनके गठबंधन में जाता है, वह पाक-साफ हो जाता है, जबकि विपक्ष में रहने वाले नेताओं को वे देशद्रोही और विरोधी बता देते हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे राजद प्रत्याशी बीमा भारती को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। खेसारी लाल यादव ने कहा, “आप लोगों ने 20 साल चाचा को दिया है, अब एक बार 5 साल भतीजे को भी मौका दीजिए। अगर काम नहीं हुआ तो मैं खुद गारंटी देता हूं कि अगली बार बदल दीजिएगा। मेरी गारंटी मोदी वाली गारंटी नहीं है, बल्कि बिहार के भविष्य तेजस्वी यादव के छोटे भाई की गारंटी है।”
सभा के दौरान युवाओं का उत्साह चरम पर था। भीड़ में “खेसारी यादव जिंदाबाद” और “लालू-तेजस्वी जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। मंच पर महागठबंधन प्रत्याशी बीमा भारती, आलमनगर प्रत्याशी नवीन निषाद, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी आसिफ अनवर, जीप सदस्य रानी भारती, पूर्व प्रमुख डॉ. दीपक कुमार सुमन, राजद प्रखंड अध्यक्ष डॉ. जमशेद आलम, सांसद प्रतिनिधि शोभाकांत यादव, भगवान पंडित सहित अनेक स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



