पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर थाना क्षेत्र में एकबार फिर मानवता शर्मसार हुआ है । एक निर्दयी मा ने मंगलवार की सुबह एक बार फिर मां की ममता को शर्मसार करते हुए अपने नवजात शिशु को रायपुरा मध्य विद्यालय के नजदीक सड़क किनारे फेक दिया । अपने काम से सड़क से गुजर रहे लोगों ने सड़क के नीचे गड्ढे में नवजात शिशु को रोते देखा । जिसके बाद यह बात जंगल मे लगी आग की तरह समूचे इलाके में फैल गयी । देखते ही देखते मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ जुट गयी । स्थानीय लोग जबतक कुछ कर पाते तबतक नवजात बालक ने दम तोड़ दिया । इसके बाद स्थानीय लोग लावारिश बच्चे को दफनाने का प्रयास कर ही रहे थे कि एक अनजान दमपत्ति मौके पर पहुंच बच्चे को मौके से उठाकर अपने साथ लेकर चला गया । सड़क किनारे नवजात बालक को फेके जाने के बाद से समूचे क्षेत्र में तरह तरह के चर्चाओं का बाजार गर्म बना हुआ है ।
बताना मुनासिब होगा कि कुछ दिनों पूर्व ही भवानीपुर नगर पंचायत के तेलियारी में भी एक निर्दयी मां ने एक नवजात बच्चे को बाँसबाड़ी में फेंक दिया था । जिसे एक निःसंतान दमपत्ति ने उठाकर सीएचसी भवानीपुर लाया था । जिसके बाद चाइल्ड लाइन पूर्णिया की टीम उक्त बच्चे को अपने साथ पूर्णिया लेकर चली गयी थी । इधर एकबार फिर मंगलवार को भवानीपुर-अकबरपुर मुख्य सड़क मार्ग के किनारे रायपुरा में एक नवजात बालक को फेक दिया गया । इस बावत पूछे जाने पर भवानीपुर थाना के अवर निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि सड़क किनारे बच्चा फेके जाने की सूचना उन्हें नहीं है । उन्होंने बताया कि इसका पता लगाया जा रहा है ।



