सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा के प्रति एसएसबी की पहल – 56वीं वाहिनी ने निकाली जन जागरूकता रैली

अररिया/ प्रिंस कुमार : सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी ने मंगलवार को सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए एक व्यापक जन जागरूकता रैली का आयोजन किया। बटालियन मुख्यालय सहित सभी सीमा चौकियों के जवानों ने बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के साथ मिलकर यह रैली निकाली, जिसका उद्देश्य सरकारी संपत्ति के महत्व और उसके बचाव के प्रति जिम्मेदारी समझाना था।

मुख्यालय से बीरपुर मोड़ तक गूंजे नारे
यह जन जागरूकता रैली एसएसबी 56वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी संजीव कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई। बटालियन मुख्यालय से यह रैली बीरपुर मोड़ तक निकाली गई। इसी प्रकार, बटालियन की बाह्य सीमा चौकियों के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों में भी ऐसी रैलियाँ आयोजित कीं।

रैली में एसएसबी के जवान, अधिकारी, स्कूली बच्चे और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने ‘सार्वजनिक संपत्ति हमारी जिम्मेवारी’ जैसे नारे लगाए और सरकारी संपत्ति के बचाव एवं रक्षा को लेकर लिखे स्लोगन की तख्तियां पकड़ रखी थीं।

यातायात, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का भी दिया संदेश
इस रैली के माध्यम से केवल सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि यातायात नियमों के पालन, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश भी ग्रामीणों और आम जनता तक पहुंचाया गया।

एसएसबी की 56वीं बटालियन की इस पहल को स्थानीय लोगों का भारी समर्थन मिला, जिसने सामुदायिक भागीदारी के साथ राष्ट्र की संपत्ति की सुरक्षा के प्रति जवानों की प्रतिबद्धता को दर्शाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *