पूर्णिया, आनंद यादुका : धमदाहा में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया । शादी समारोह से लौट रहे ऑटो और ट्रक की सीधी टक्कर में दो लोगों की जान चली गई , जबकि ऑटो पर सवार तीसरा युवा गंभीर रूप से घायल हो गया । तीनों अररिया के रहने वाले थे घटना धमदाहा घाट के पास की है । प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि न सिर्फ ऑटो के परखच्चे उड़ गए , बल्कि इसमें मौजूद लोग अंदर ही दब गए । मशीन से काटकर ऑटो में फंसे शव और घायलों को निकाला गया । दर्दनाक हादसे में ड्राइविंग सीट पर बैठे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया । मृतकों की पहचान अररिया जिला के भरगामा थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड 1 निवासी मोहम्मद इसराफिल के बेटे मोहम्मद मासूम और मोहम्मद शमी के बेटे मोहम्मद चाँद के रूप में हुई । जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान मोहम्मद यूनुस के बेटे मोहम्मद मुमताज के रूप में हुई है ।
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद मुमताज ने बताया कि तीनों युवक भवानीपुर के दरगाहा गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह से वापस अपने गांव लौट रहे थे । गांव लौटने के दौरान गुरुवार की सुबह करीब सात बजे धमदाहा घाट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई । इस भीषण हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए । टक्कर की आवाज सुनकर लोग मौके पर जुटे, इस बीच चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला । भीड़ में मौजूद लोगों ने धमदाहा थाना की पुलिस को घटना की सूचना दी । मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों ने मशीन से कटकर ऑटो के क्षतिग्रस्त हिस्से को निकाला । इसमें ड्राइविंग सीट पर बैठे चालक मोहम्मद मासूम की मौके पर मौत हो चुकी थी , जबकि दो अन्य घायल को गंभीर हालत में जीएमसी पूर्णिया में एडमिट कराया गया । जहां इलाज के दौरान मोहम्मद चांद ने भी दम तोड़ दिया । इस संबंध में धमदाहा थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते हैं पुलिस मौके पर पहुंची । उन्होंने बताया कि ट्रक को जप्त कर लिया गया है , ड्राइवर फरार है उसकी तलाश की जा रही है ।




