पूर्णिया विश्वविद्यालय का धमाकेदार प्लेसमेंट सीजन : एक महीने में 39 छात्रों को मिली नौकरी, एवेरिक्सिस ने लहराया परचम

पूर्णिया: पूर्णिया विश्ववि‍द्यालय ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मात्र एक माह के अंदर दो बड़ी भर्ती प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न कीं। पहले चरण में 11 छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों ने किया था, जबकि 24 से 26 नवंबर तक चले तीन दिवसीय मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में बेंगलुरु स्थित प्रतिष्ठित कंपनी एवेरिक्सिस सॉल्यूशंस प्रा. लि. ने 28 छात्र-छात्राओं को बिजनेस डेवलपमेंट एसोसिएट के पद पर चुन लिया। इस तरह कुल 39 छात्रों को आकर्षक नौकरी मिली है।

कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह के कुशल नेतृत्व में चले इस अभियान में विभिन्न संकायों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों सहित पास-आउट छात्रों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया अत्यंत कड़ी रही, जिसमें ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू के दो चरण शामिल थे। चार बैचों में विभाजित 112 पंजीकृत छात्रों में से 106 ने स्क्रीनिंग पास की और अंततः 28 को 4 से 6 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज के साथ जॉब लेटर थमाया गया। प्लेसमेंट सेल के अधिकारी डॉ. भरत कुमार मेहर एवं सह-आयोजक श्री सुनील कुमार के अथक प्रयासों से यह ड्राइव बेहद व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अरविंद कुमार वर्मा तथा रजिस्ट्रार डॉ. प्रणय कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चले इस कार्यक्रम को कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह का विशेष संरक्षण प्राप्त रहा। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई दी है तथा एवेरिक्सिस सॉल्यूशंस प्रा. लि. का आभार जताया है कि उन्होंने पूर्णिया विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली युवाओं पर भरोसा जताया। अधिकारियों ने बताया कि प्लेसमेंट सीजन अभी और जोर पकड़ने वाला है तथा दिसंबर में कई और बड़ी कंपनियाँ कैंपस आने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *