पलासी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – बस से 206 ग्राम स्मैक के साथ सास–दामाद गिरफ्तार, ₹50 हजार नकद भी जब्त

अररिया/प्रिंस कुमार : अररिया जिले की पलासी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को अंतर्राज्यीय स्मैक तस्करी में शामिल एक सास–दामाद की जोड़ी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 206 ग्राम स्मैक और ₹50,000 नकद बरामद किया है। एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के कलियागंज से आ रही राज दुलारा बस में एक महिला और पुरुष मादक पदार्थ लेकर पलासी की तरफ आ रहे हैं। सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने पलासी चौक पर बस को रोका और जांच के दौरान दोनों को संदिग्ध स्थिति में बैठा पाया।

पूछताछ में वे अपना नाम-पता बदलते रहे, जिसके बाद तलाशी लेने पर महिला बेहुला (58 वर्ष) के कपड़ों में छिपाकर रखे काले पॉलिथीन से 206 ग्राम स्मैक व नगद राशि मिली, जबकि पुरुष सलिअख शेख (40 वर्ष) के पास से मोबाइल बरामद हुआ। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले निकले और पूछताछ में उन्होंने सास–दामाद होने के साथ स्मैक कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 20(b), 22(c) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब उनसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। छापामारी दल में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, एसआई प्रमोद कुमार, अमरनाथ राय, रौशन कुमार सिंह, श्यामा सिंह व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *