पूर्णिया सीएस ने सीएचसी भवानीपुर का किया औचक निरीक्षण, पकड़े कई खामियां

पूर्णिया, आनंद यादुका : पूर्णिया सीएस डॉ० प्रमोद कुमार कन्नौजिया ने मंगलवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया । करीब तीन घंटे तक किये गए निरीक्षण के दौरान सीएस ने अस्पताल में कई खामियां पकड़ी और मौके पर मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० नवीन कुमार उपरोझिया को सभी खामियों को सात दिन के अंदर दूर करने का सख्त निर्देश दिया । निरीक्षण के दौरान सीएस ने पाया कि अस्पताल में लगाने के लिए भेजी गई कई महत्वपूर्ण मशीन और बेड पर बिछाने के लिए भेजा गया चादर कई महीनों से स्टोर में धूल फांक रहा है । इस स्थिति को देख सीएस काफी नाराज दिखे और उन्होंने मौके पर मौजूद प्रधान लिपिक को फटकार लगाते हुए उनसे सवालिया लहजे में पूछा कि आप यहां किस लिए कार्यरत है ? उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इन सभी मशीनों को जल्द अस्पताल में व्यवस्थित रूप से लगाने का काम करें और सभी बेड पर नया चादर बिछा हुआ होना चाहिये ।

निरीक्षण के दौरान सीएस ने पाया कि अस्पताल में कार्यरत बीसीएम महीने में दो दिन अस्पताल आते हैं । जिसपर उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल से गायब रहनेवाले बीसीएम के बिरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई किया जायेगा । वहीं उन्होंने अस्पताल के जर्जर हो चुके मुख्य भवन के नीचे चलनेवाले सभी कार्यालय और पैथोलॉजी को तुरंत दूसरे भवन में शिफ्ट करने का आदेश दिया । सीएस श्री कन्नौजिया ने कहा कि जर्जर भवन के संबंध में विभाग को लिखा जा चुका है और बहुत जल्द इस दिशा में कार्रवाई किया जायेगा । निरीक्षण के दौरान सीएस ने प्रसव वार्ड, ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, कोरोना वार्ड सहित सभी जगहों का काफी बारीकी से निरीक्षण करने का काम किया । निरीक्षण के दौरान सीएस के साथ यूनिसेफ के सलाहकार शिव शंकर ठाकुर, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० एसके चौधरी, डॉ० स्नेहलता कुमारी, डॉ० आरएन सिन्हा के अलावे सभी चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मी मौजूद थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *