PURNIA NEWS, विमल किशोर : अमौर थाना क्षेत्र के मच्छट्टा पंचायत अंतर्गत लरहिया वार्ड-16 में मकई खेत में मवेशी चराने को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर हिंसा में बदल गया, जिसमें शहनाज़ बेगम घायल हो गईं और बाद में इलाज के दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मकई फसल नुकसान के शक में पड़ोसियों ने पहले खेत में और बाद में घर के दरवाजे पर दोबारा पकड़कर शहनाज़ बेगम की बेरहमी से पिटाई की, जिसमें ईंट से वार किए जाने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई।
स्थानीय रेफरल अस्पताल से सदर अस्पताल और फिर पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराने के बावजूद दो ऑपरेशनों के बाद भी उनकी जान नहीं बच सकी। मृतका के पति ने अमौर थाना में नामजद शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।




