
Purnia News: रूपौली में प्रशासन का अल्टीमेटम: 8 दिसंबर तक अतिक्रमण हटाओ, वरना 9 से बुलडोजर चलेगा
पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News रूपौली में नई सरकार के आते ही अतिक्रमणकारियों की नींद उड़ गई है – प्रशासन ने साफ कर दिया कि 8 दिसंबर तक बिरौली बाजार, रूपौली थाना चौक, टीकापट्टी, मोहनपुर और ग्रामीण सड़कों से हर कब्जा खुद हट जाए, वरना 9 दिसंबर से बुलडोजर के साथ पुलिस बल उतरेगा। अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि ने माइकिंग करवा दी है कि “मंगलवार से कार्रवाई शुरू”, अब कोई सिफारिश, कोई रियायत नहीं चलेगी।
बिरौली बाजार में दुकानदार पहले से ही अपना सामान समेटने लगे हैं, तो SH-65 के दोनों किनारों पर बने पक्के चबूतरे और बथान भी खाली होने लगे हैं। प्रशासन का कहना है कि सालों से सड़कें निगलकर बाजार और गांव नारकीय हो गए थे, अब जाम-दुर्घटना से मुक्ति मिलेगी। कुछ लोग अभी भी “पहले भी रुक जाता था” की आस में हैं, लेकिन इस बार बुलडोजर की गड़गड़ाहट दूर से सुनाई दे रही है।