डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु की 119वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, कला भवन प्रबंध समिति को माधव सिंह की बधाई

PURNIA NEWS : लोजपा के वरिष्ठ नेता एवं कला भवन प्रबंध परिषद के सदस्य माधव सिंह ने भूतपूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कला भवन के संस्थापक डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु की 119वीं जयंती समारोह के सफल आयोजन पर कला भवन प्रबंध समिति को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि डॉ. सुधांशु एक प्रख्यात राजनेता, समाजसेवी और उत्कृष्ट साहित्यकार होने के साथ-साथ राष्ट्रभाषा हिंदी के सजग प्रहरी थे, जिन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर पूर्णिया के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। माधव सिंह ने कला न्यास परिषद की अध्यक्षा एवं बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर जयंती समारोह में भाग लिया।

साथ ही उन्होंने मांग दोहराई कि जिस प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री की जयंती सरकारी स्तर पर मनाई जाती है, उसी तर्ज पर डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु की जयंती प्रत्येक वर्ष 15 दिसंबर को कला भवन परिसर में राज्य सरकार द्वारा आयोजित की जाए तथा पूर्णिया एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाए। इस अवसर पर कसबा विधायक नितेश सिंह, अधिवक्ता विभाकर सिंह, जय बर्धन सिंह, मुरारी सिंह, ओम प्रकाश सिंह, रवि सर्राफ, संजय सिंह, डॉ. निरुपम राय, डॉ. इरशाद खान, के.एन. भारती, सौरभ आनंद, डॉ. ए.के. पाठक, डॉ. आलोक सहित कई गणमान्य लोगों ने भी समर्थन व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *