जिला स्कूल पूर्णिया का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी

पूर्णिया: जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने रविवार को जिला स्कूल पूर्णिया परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं और चल रहे कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के उस भवन का जायजा लिया, जिसका उपयोग विधानसभा चुनाव कार्य में हुआ था, और कार्यपालक अभियंता को एक सप्ताह के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर भवन को विधिवत हैंडओवर करने का निर्देश दिया। उन्होंने शौचालय, पेंटिंग और फ्लोरिंग की गुणवत्ता की भी जांच की।

परिसर में अनुपयोगी पड़े परीक्षा भवन को ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने के लिए अविलंब कार्य शुरू करने का आदेश दिया गया, जहां लगभग 100 छात्रों की क्षमता वाला अत्याधुनिक मॉडल पुस्तकालय बनाया जाएगा। साफ-सफाई की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने नगर निगम कर्मियों, बीएसईआईडीसी के अभियंता और डीपीओ को तुरंत लैंडस्केपिंग और सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। छात्रावास के जीर्णोद्धार कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संवेदक को 20 जनवरी 2026 तक सभी कार्य पूर्ण करने का आदेश दिया गया।

वहीं बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही परिसर में अवैध वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और खेल मैदान से राजस्व सृजन की संभावनाओं पर कार्य करने का भी निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *