भूमि सुधार जन कल्याण संवाद: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे शिकायतें, DM की बैठक में सख्त तैयारी के निर्देश

पूर्णिया: पूर्णिया में 26 दिसंबर को भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें उपमुख्यमंत्री-सह-राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य रूप से शामिल होंगे। बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में महानंदा सभागार में तैयारी बैठक हुई, जहां वरीय और जिला स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के सख्त निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी जैसी ऑनलाइन सेवाओं को समय सीमा में उपलब्ध कराना और भूमि विवादों में कमी लाना है, ताकि प्रशासन अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बने।

प्रथम पाली (सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक) – प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में आम जनता से संवाद, जहां अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी पीड़ितों के सामने बैठकर शिकायतें सुनेंगे और समाधान करेंगे। रजिस्ट्रेशन सुबह 9 से 10:30 बजे तक अंचलवार होगा – नाम, पता और मोबाइल नंबर अनिवार्य। द्वितीय पाली (दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक) – महानंदा सभागार में राजस्व पदाधिकारियों-कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक, जिसमें अपर समाहर्ता, DCLR, भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी आदि शामिल होंगे।

ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति और अभियान बसेरा-2 की विशेष समीक्षा होगी। DM ने बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया। यह कार्यक्रम राजस्व सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और भूमि अभिलेख अपडेट करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। पूर्णिया वासियों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी शिकायतें रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *